प्रशासन नदारद, लोगों ने खुद खुलवाया जाम, एंबुलेंस को दिलाया रास्ता

0
11

नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में चकलुवा वैली ब्रिज पर लगे भीषण जाम ने प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल दी। गंभीर मरीज को लेकर जा रही 108 एंबुलेंस जाम में फंस गई, जिससे उसकी जान खतरे में पड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुल के बीचों-बीच एक ट्रक अचानक रुक गया, क्योंकि एक कार सवार ने उसकी चाबी पुल से नीचे फेंक दी थी। इसके बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

इस जाम में एंबुलेंस काफी देर तक फंसी रही, जबकि मौके पर कोई पुलिसकर्मी या ट्रैफिक अधिकारी मौजूद नहीं था। हालात बिगड़ते देख स्थानीय लोग और राहगीर आगे आए और उन्होंने खुद वाहनों को हटाकर रास्ता बनाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को आगे बढ़ने का रास्ता मिला, तब जाकर मरीज को अस्पताल की ओर रवाना किया जा सका।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में पुलिस और प्रशासन की लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि चकलुवा वैली ब्रिज पहले से ही जाम और दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील है, ऐसे में यहां स्थायी पुलिस व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन बेहद जरूरी है। स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here