शीतलहर और लगातार हो रही बारिश के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने देर शाम शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर रात्रि औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अलाव की व्यवस्था का जायज़ा लिया और ठंड से बचाव के लिए किए जा रहे इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने रैन बसेरों में ठहरे जरूरतमंदों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और साफ-सफाई, गर्म पानी, कंबल व बिस्तरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम सविन बंसल ने नगर निगम और तहसील प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ठंड के इस दौर में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरतमंदों को हर हाल में राहत पहुंचाई जाए।


















