उत्तराखंड में सड़क एवं परिवहन अवसंरचना को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल के तहत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के राज्य मंत्री अजय टम्टा ने मुलाकात की। बैठक के दौरान प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी तथा विभिन्न चल रही और प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अजय टम्टा ने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे आम लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में सड़क एवं परिवहन ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे विकास को नई गति मिलेगी।


















