पौड़ी / टिहरी / उत्तरकाशी / पिथौरागढ़:
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम ने एक बार फिर जोरदार करवट ली है। पौड़ी, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित चारधाम क्षेत्र में भी ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। बर्फ से ढकी वादियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
पौड़ी और आसपास के इलाकों में बढ़ी रौनक
पौड़ी जिले में बारिश के बाद शुरू हुई बर्फबारी से पूरे क्षेत्र का नज़ारा बदल गया है। खिर्सू, बुआखाल, टेका और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ जमने लगी है। लंबे समय बाद हुई बर्फबारी से स्थानीय लोगों और पर्यटकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही है। पर्यटक बर्फ से ढकी वादियों का आनंद लेने बड़ी संख्या में पौड़ी पहुंच रहे हैं।
मुनस्यारी, आदि कैलाश और ओम पर्वत में भारी हिमपात
पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी सहित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बेहद सुहावना हो गया है। आदि कैलाश और ओम पर्वत क्षेत्र में भारी बर्फबारी हो रही है। लंबे समय बाद हुए हिमपात ने पर्यटन गतिविधियों को नया जीवन दे दिया है।
किसानों और बागवानों के लिए राहत भरी खबर
उत्तराखंड में हुई बारिश और बर्फबारी को किसान वरदान मान रहे हैं। गेहूं, सरसों और दालों की फसलों के लिए यह बारिश बेहद लाभकारी मानी जा रही है। वहीं सेब, आड़ू, खुबानी जैसी बागवानी फसलों के लिए ठंड और बर्फबारी आवश्यक होती है। इससे मिट्टी में नमी बढ़ती है और कीट रोगों पर भी नियंत्रण होता है।
जल स्रोतों के लिए जीवनदायिनी
पर्वतीय क्षेत्रों में होने वाली बर्फबारी धीरे-धीरे पिघलकर नदियों और गाड़-गधेरों को पानी देती है। इससे गर्मियों में पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है और जलस्तर में भी सुधार होगा।
धनोल्टी, नागटिब्बा और उत्तरकाशी में सीजन की पहली बर्फ
टिहरी जिले के धनोल्टी, सुरकंडा देवी मंदिर और नागटिब्बा की पहाड़ियों पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। नई टिहरी में भी हल्की बर्फबारी देखने को मिली। धनोल्टी में करीब एक फीट तक बर्फ जमने की खबर है, जिससे कुछ स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ।
वहीं उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी बर्फबारी हुई है, जिससे चारधाम क्षेत्र में ठंड और बढ़ गई है।
बर्फबारी के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा, जिससे स्थानीय कारोबार और पर्यटन उद्योग को मजबूती मिलेगी।
![]()
















