देहरादून। गणतंत्र दिवस के मौके पर परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में इस बार भी विभिन्न विभागों की रंग-बिरंगी और संदेशपूर्ण झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी विभागों के बीच झांकी प्रतियोगिता होगी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभाग को सम्मानित किया जाएगा।

सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष सूचना विभाग द्वारा उत्तराखंड राज्य के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष झांकी तैयार की जा रही है। लगभग 15 दिनों से झांकी निर्माण का कार्य जारी है।
झांकी के माध्यम से राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियां और परिवर्तन को दर्शाया जाएगा। इसके साथ ही उत्तराखंड में तेजी से उभरते शीतकालीन पर्यटन को भी झांकी में प्रमुखता से शामिल किया गया है।
संयुक्त निदेशक ने बताया कि सूचना विभाग लगातार दो वर्षों से प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है और इस वर्ष भी विभाग का लक्ष्य सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल करना है।


















