देहरादून। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए उत्तराखंड सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानसून से पहले बाढ़ नियंत्रण, नदी सुरक्षा और वनाग्नि रोकथाम से जुड़े सभी कार्य तय समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने रिवर प्रोटेक्शन, डी-सिल्टिंग कार्यों और जल संरक्षण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जानकारी दी गई कि राज्यभर में अब तक 708 चेक डैमों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।
इसके साथ ही 419 रिचार्ज शॉफ्ट के माध्यम से लगभग 108.94 करोड़ लीटर भूजल रिचार्ज किए जाने की योजना है, जिससे गिरते जलस्तर को सुधारने में मदद मिलेगी। कैम्पा योजना के तहत राज्य में 247 जल धाराओं के उपचार का कार्य लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री धामी ने वनाग्नि की संभावनाओं को लेकर वन विभाग को अभी से पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाने, फायर लाइन की सफाई और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी बढ़ाने पर ज़ोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पूर्व तैयारी ही सबसे कारगर उपाय है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


















