नैनीताल। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के बाद पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ उमड़ पड़ी है। नैनीताल में साल की पहली बर्फबारी के बाद सरोवर नगरी पूरी तरह बर्फ की सफेद चादर में ढक गई है, जिससे देशभर से पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।
![]()
नैनीताल के हिमालय दर्शन, चाइना पीक और आसपास की ऊंचाई वाली पहाड़ियों पर जमी बर्फ पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। मुक्तेश्वर, धारी और ओखल कांडा क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद इन इलाकों का दीदार करने के लिए भी पर्यटक नैनीताल का रुख कर रहे हैं।
पर्यटकों का कहना है कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि नैनीताल में इस बार बर्फबारी देखने को मिलेगी। बर्फ से ढके पहाड़ों और ठंडे मौसम का आनंद उठाने के लिए बड़ी संख्या में परिवार नैनीताल पहुंच रहे हैं।
पर्यटकों की बढ़ती आमद से होटल व्यवसायियों में उत्साह है। कारोबारियों का मानना है कि बर्फबारी के बाद पर्यटन कारोबार को अच्छा मुनाफा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। बर्फबारी के चलते नैनीताल में चहल-पहल काफी बढ़ गई है।














