देहरादून। राज्य के विभिन्न जिलों में हो रही बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सचिव आपदा प्रबंधन ने स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जन सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को शीघ्र सुचारू किया जाए। विशेष रूप से बर्फबारी से अवरुद्ध सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन ने कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए सभी जिलों में आपदा राहत दल, मशीनरी और आवश्यक उपकरण तैयार रखें। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।


















