देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में सूचना विभाग, उत्तराखण्ड सरकार द्वारा प्रकाशित नववर्ष 2026 के आधिकारिक कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कैलेंडर के आकर्षक स्वरूप, उत्कृष्ट मुद्रण गुणवत्ता एवं विषयवस्तु की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कैलेंडर राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी नीतियों के साथ-साथ सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णयों को प्रभावी ढंग से जनमानस तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित यह कैलेंडर केवल तिथियों का संकलन नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की विकास यात्रा, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के संकल्प को दर्शाने वाला एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कैलेंडर के माध्यम से राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों को एक सुसंगठित और रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है, जो आमजन के लिए न केवल जानकारीपूर्ण बल्कि प्रेरणादायी भी सिद्ध होगा।
उन्होंने सूचना विभाग की टीम को इस उत्कृष्ट प्रकाशन के लिए बधाई देते हुए कहा कि विभाग ने सदैव सरकार और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने अपेक्षा व्यक्त की कि भविष्य में भी सूचना विभाग नवीन तकनीकों, रचनात्मक सोच और नवाचार के साथ जनहितकारी सूचनाओं का व्यापक एवं प्रभावी प्रसार करता रहेगा, ताकि सरकार की योजनाओं और नीतियों की सही जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष गोविन्द सिंह, अपर सचिव सूचना बंशीधर तिवारी तथा उपनिदेशक सूचना मनोज श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।

















