नई दिल्ली, 13 जनवरी। उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर मंत्री रेखा आर्या ने नितिन नबीन को उनके नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच पार्टी संगठन के राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार एवं उत्तराखंड की प्रगति को लेकर विचार-विमर्श हुआ।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकासवादी राजनीति की पक्षधर है, जहाँ कोई भी सामान्य कार्यकर्ता अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर पार्टी में उच्चतम स्तर तक पहुँच सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनात्मक मजबूती और जनसेवा के माध्यम से देशभर में निरंतर आगे बढ़ रही है।
रेखा आर्या ने विश्वास व्यक्त किया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी आने वाले समय में नई ऊँचाइयों को छुएगी। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

















