बेरीनाग (पिथौरागढ़)।
पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। चाकबोरा मोटर मार्ग पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। यह हादसा राईआगर राम मंदिर मोटर मार्ग के पास हुआ, जहां वाहन लगभग 100 मीटर नीचे खाई में गिर गया।

इस हादसे में कार में सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं आपस में देवरानी–जेठानी थीं और दोनों विधवा थीं। वहीं, कार चला रहा व्यक्ति हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही 112 सेवा और बेरीनाग पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह मानी जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।














